थाईलैंड में तीन भारतीय युवकों का अपहरण, ₹70 लाख की फिरौती मांगी; पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार

पटाया (थाईलैंड): थाईलैंड के पटाया शहर में तीन भारतीय युवकों के अपहरण और फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सस्ते टूर पैकेज का झांसा देकर थाईलैंड बुलाए गए इन युवकों को एक सप्ताह से अधिक समय तक बंधक बनाकर रखा गया। उनकी रिहाई के बदले करीब ₹70 लाख की फिरौती मांगी गई। मामले का खुलासा होने पर थाई पुलिस ने छापेमारी कर तीनों को सुरक्षित छुड़ाया और पांच भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ितों की पहचान मोहित, आशीष और हिमांशु के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 20 से 23 वर्ष के बीच है। शुरुआती जांच में पता चला कि उन्हें कम कीमत में विदेश घूमाने का लालच देकर थाईलैंड बुलाया गया था। वहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने उनका अपहरण कर पटाया के बैंग लामंग इलाके में स्थित एक दो मंजिला मकान में कैद कर लिया।
बंधक बनाए जाने के दौरान युवकों के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई। आरोपियों ने उन्हें उनके परिवारों को फोन करने के लिए मजबूर किया और करीब ₹70 लाख की फिरौती की मांग की। रकम नहीं मिलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। परिवारों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की।
थाई पुलिस ने खुफिया सूचना मिलने के बाद विशेष अभियान चलाकर बैंग लामंग स्थित मकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान तीनों भारतीय युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके से पांच भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार पाकिस्तान सहित अन्य देशों के नागरिकों से जुड़े हैं या नहीं।
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह गिरोह विदेश यात्रा के इच्छुक लोगों को सस्ते टूर पैकेज का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद उन्हें बंधक बनाकर उनके परिवारों से मोटी फिरौती वसूलने की कोशिश की जाती थी। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि क्या इस गिरोह ने पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।
घटना के बाद भारतीय दूतावास को मामले की सूचना दे दी गई है और पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों ने विदेश यात्रा करने वाले लोगों से अपील की है कि वे किसी भी टूर पैकेज की बुकिंग से पहले उसकी विश्वसनीयता की अच्छी तरह जांच करें। केवल अधिकृत ट्रैवल एजेंसियों और भरोसेमंद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी और आपराधिक घटनाओं से बचा जा सके।




