छत्तीसगढ़: पीएम आवास योजना में छूटे पात्र परिवारों को शामिल करने की मांग, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा

रायपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत ऐसे पात्र परिवार जो किसी भी वजह से योजना से वंचित रह गए हैं, उन्हें इस योजना में शामिल करने की मांग को लेकर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को एक महत्वपूर्ण पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने नई दिल्ली में हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन के सफल आयोजन पर मंत्री चौहान को बधाई भी दी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 6 जुलाई को लिखे गए इस पत्र में कहा कि 28 और 29 जून को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन एक दूरदर्शी पहल थी, जिसमें देश के विभिन्न राज्य के मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी एकत्रित होकर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं कल्याण पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रभावशाली नेतृत्व को भी सराहा, जिससे यह आवश्यक सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हो पाया।
पत्र में विजय शर्मा ने यह उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार के सहयोग और मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन से प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सम्मेलन के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने आश्वासन दिया था कि किसी भी पात्र व्यक्ति को किसी भी प्रकार की बाधा के कारण योजना का लाभ नहीं छूटेगा।
उन्होंने बताया कि 24 जून को छत्तीसगढ़ के ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 योजना के तहत पात्र परिवारों की सूची प्रस्तुत की गई, लेकिन इसमें दो प्रमुख समस्याएँ सामने आईं। पहली समस्या यह रही कि सर्वेक्षण के समय कई लोग पलायन या अन्य कारणों से अपने घर या गांव में उपस्थित नहीं थे, जिससे उनका सर्वेक्षण नहीं हो सका और परिणामस्वरूप वे पात्रता सूची से बाहर रह गए। दूसरी समस्या यह थी कि तकनीकी या अन्य कारणों से कुछ परिवार सर्वे के दौरान अपात्र घोषित हो गए, इसलिए उनकी सूची ग्राम सभा में प्रस्तुत नहीं हो सकी।
विजय शर्मा ने इन समस्याओं को रेखांकित करते हुए केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि इस मामले में उच्च स्तरीय पहल की जाए ताकि ऐसे पात्र परिवारों को भी योजना में शामिल किया जा सके। इससे प्रधानमंत्री के उस संकल्प को पूरा किया जा सकेगा जिसमें उन्होंने सभी पात्र परिवारों को उचित और सुरक्षित आवास प्रदान करने का वचन दिया है।
पत्र के अंत में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शिवराज सिंह चौहान को छत्तीसगढ़ के प्रति उनके निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी ऐसी सहकारी पहल की आशा जताई है। उन्होंने कहा कि इस कदम से न केवल आवास योजना की पूर्णता सुनिश्चित होगी, बल्कि गांवों का समग्र विकास भी संभव होगा।



