भाजपा शासन में सुरक्षा, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव के नए मानक स्थापित: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

दुर्ग, छत्तीसगढ़। केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल को याद करते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को दुर्ग स्थित सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुरक्षा, सुशासन, विकास और राष्ट्रीय गौरव के क्षेत्र में बनी उत्कृष्ट उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री मोदी लोकतांत्रिक चुनाव के माध्यम से चुने गए सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले नेताओं में से एक बन गए हैं। मोदी सरकार ने देश के निर्माण, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा राष्ट्रीय स्वाभिमान के सशक्तीकरण में नए मानक स्थापित किए हैं।
नक्सल प्रभावित इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि पहले पीआरडी जवानों को पर्याप्त हथियार और आधुनिक उपकरण नहीं मिल पाते थे। इस समस्या को उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से उठाया था, जिसके बाद तुरंत एक महीने के अंदर हथियारों एवं संसाधनों की आपूर्ति शुरू हो गई। अब जवानों के पास अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध है जिससे उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि हुई है।
प्रदेश में कानून व्यवस्था के विषय में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में राज्य में सुशासन स्थापित हुआ है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भय के कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह नियमों और कानून के अनुसार सभी मामलों में सख्ती से कदम उठाएगी।
स्वच्छ भारत मिशन की उपलब्धियों पर बात करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में लगभग 12 करोड़ व्यक्तिगत घरेलू शौचालय बनाए गए हैं वहीं 2.5 करोड़ से अधिक सामुदायिक शौचालय का निर्माण भी हुआ है। सरकार ने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देकर स्वच्छता को एक मजबूत पहचान दिलाई है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की संभावित भूमिका के सवाल पर विजय शर्मा ने स्वयं को एक अनुशासित और समर्पित पार्टी कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्हें पार्टी जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, वह उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत किया है, अन्यथा वहां राजनीतिक और सामाजिक चुनौतियां और अधिक बढ़ सकती थीं।
उन्होंने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने देश के लिए कई उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनसे देश की सुरक्षा और खुशहाली मजबूत हुई है। उनकी सरकार का उद्देश्य देशवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और राष्ट्रीय गौरव को उच्चतम मुकाम पर पहुंचाना है।




