बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, जन सुराज ने किया उम्मीदवार घोषित; सोशल मीडिया पर तेज हुई सियासी बहस

पटना, बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजधानी पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज पार्टी ने बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है। पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को इस सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने आधिकारिक तौर पर प्रशांत किशोर के नाम की घोषणा की, जिससे जिले की राजनीति में चर्चा का एक नया दौर शुरू हो गया है।
प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। ट्विटर सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस फैसले को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर ‘बिहार रिजेक्ट PK’ जैसे ट्रेंड उभर कर सामने आए हैं, जो इस चुनावी मुकाबले को और भी दिलचस्प बना रहे हैं।।
जिम्मेदारी निभाने का भरोसा, बदलाव का दावा
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं और समर्थकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही उनका सबसे बड़ा मिशन रहा है। किशोर ने वादा किया कि वे उनके द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर बांकीपुर की जनता उन्हें जीत दिलाएगी तो यह केवल एक सीट की जीत नहीं होगी, बल्कि जन सुराज का मनोबल और बिहार की राजनीति में एक नए विकल्प की मजबूती का संकेत होगा। उन्होंने इस बदलाव के लिए अपने संघर्ष को जारी रखने का भी संकल्प व्यक्त किया।
मतदाताओं से सीधा संवाद
प्रशांत किशोर ने 2025 के चुनाव में जन सुराज पार्टी का समर्थन करने वाले मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने बांकीपुर की जनता से अपील की कि वे ईमानदार नेतृत्व के लिए जाति और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपना भरोसा दें। किशोर ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक विधानसभा सीट के लिए नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में नए रास्ते खोलने का अवसर है। उन्होंने भरोसा जताया कि जन सुराज का प्रतिनिधि चुने जाने पर वह जनता की आवाज को प्रभावी तरीके से विधानसभा में उठाएंगे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा प्रहार
उम्मीदवारी की घोषणा के साथ ही प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चौधरी जनता के सीधे जनादेश से नहीं बल्कि राजनीतिक परिस्थितियों के दबाव में मुख्यमंत्री बने हैं। किशोर ने कहा कि आखिरकार जनता ही किसी भी नेता का मूल्यांकन करती है और तय करती है कि कौन बेहतर विकल्प है। उन्होंने यह निष्कर्ष निकाला कि यह चुनाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में नई सोच और विकल्प को स्थापित करने का होगा।
चुनावी चर्चा पहले से जोरो पर
नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद से ही बांकीपुर सीट खाली रहने वाली थी और तभी से प्रशांत किशोर के यहां से चुनाव लड़ने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। कुछ दिन पूर्व उन्होंने संकेत भी दिया था कि अगर उनका चुनाव लड़ना भाजपा जैसे मजबूत संगठन को चुनौती देता है तो वे मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। अब पार्टी की आधिकारिक घोषणा ने इन अटकलों को पक्काई दे दी है।
भाजपा के उम्मीदवार को लेकर मंथन जारी
भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक बांकीपुर सीट से अपने उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में कई नाम चर्चा में हैं। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता नील रतन घोष (नीलू दा) को संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है, जो लंबे समय तक राज्यसभा सांसद नितिन नवीन के करीबी रहे हैं और स्थानीय संगठन में उनकी अच्छी पकड़ है।
अजय आलोक भी दावेदार
भाजपा के अन्य संभावित उम्मीदवारों में राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है। वे पहले लोक जनशक्ति पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा जनता दल (यूनाइटेड) से जुड़े थे और 2023 में भाजपा में शामिल हुए। उनके राजनीतिक अनुभव और पटना में लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
हाई-प्रोफाइल मुकाबले की तैयारियां
प्रशांत किशोर के इस चुनावी एंट्री ने बांकीपुर विधानसभा सीट की लड़ाई को बहुत ही दिलचस्प बना दिया है। अब सभी की निगाहें भाजपा के उम्मीदवार पर लगी हैं। यदि भाजपा कोई मजबूर चेहरा खड़ा करती है तो यह मुकाबला बिहार विधानसभा चुनावों का सबसे प्रतिष्ठित और चर्चित होगा। साथ ही यह चुनाव जन सुराज की राजनीतिक स्वीकार्यता और प्रशांत किशोर की लोकप्रियता को जांचने वाली परीक्षा भी है।




