Chattisgarh

छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़ा तबादला– 24 आईपीएस अधिकारियों का अहम स्थानांतरण

रायपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के आदेश जारी किए हैं। इस निर्णय के तहत पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) और 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) की नई तैनाती की गई है।

गृह विभाग के आदेश के अनुसार नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक अजय कुमार यादव को राजनांदगांव रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, वर्तमान में राजनांदगांव रेंज के आईजी बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में स्थानांतरित किया गया है। बस्तर रेंज के आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल को भी अब पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी मिली है।

चार डीआईजी स्तर के अधिकारियों के स्थानांतरण के अलावा रायपुर नगरीय पुलिस के तीन पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) को बस्तर क्षेत्र में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। गरियाबंद के एसपी रॉबिन्सन गुरिया को रायपुर नगरीय पुलिस में पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) बनाया गया है।

इसके अलावा 12 जिलों के एसपी की भी बड़ी फेरबदल की गई है। चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, हरीश राठौर को कोरिया, भावना पांडेय को धमतरी, गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर, मयंक गुर्जर को सुकमा, संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, चव्हाण किरण गंगाराम को बालोद, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम तथा सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

सरकार के इस तबादला आदेश को पुलिस महकमे में लंबे समय बाद किए गए एक व्यापक और महत्त्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। यह कदम कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने हेतु जरूरी माना जा रहा है।

अधिकारियों के स्थानांतरण से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को नया आयाम मिलेगा तथा राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सहायता मिलेगी। पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल भविष्य की रणनीतियों और बेहतर प्रबंधन के तहत किया गया है।

Source

Related Articles

Back to top button