एसईसीएल में टेलिकॉम-रेडियो मैकेनिक के 65 पदों पर भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 1 जुलाई

रायपुर, छत्तीसगढ़। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), बिलासपुर ने अपने विभागीय कर्मचारियों के लिए टेलिकॉम/रेडियो मैकेनिक टी एंड एस ग्रेड-डी के कुल 65 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह भर्ती कंपनी में कार्यरत योग्य कर्मचारियों के लिए है।
एसईसीएल में अनारक्षित (यूआर) श्रेणी के 43 पद, अनुसूचित जाति (एससी) के 15 पद, एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 7 पद उपलब्ध हैं। सभी इच्छुक और पात्र उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन 1 जुलाई तक कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 11 जून सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी है और ऑनलाइन मोड के माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी कंपनी के आधिकारिक पोर्टल पर जा कर निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास मान्यता प्राप्त बोर्ड अथवा संस्थान से 10वीं कक्षा या समकक्ष योग्यता होनी जरूरी है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र या संबद्ध क्षेत्र में आईटीआई प्रमाणपत्र आवश्यक है।
एसईसीएल के वेतनमान अनुसार चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति दी जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, मेरिट सूची, जन्म तिथि प्रमाणन तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी शामिल रहेगी।
यह भर्ती केवल कंपनी के स्थायी कर्मचारी जिन्होंने श्रेणी IV/तकनीकी एवं सहायक समूह ई या उससे ऊपर के पद पर कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव प्राप्त किया हो, और जो टेलिकॉम क्षेत्र में कार्य करने के लिए इच्छुक हों, के लिए है।
एसईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, आवेदन संबंधी दिशा-निर्देश, एवं नोटिफिकेशन उपलब्ध हैं। इच्छुक अभ्यर्थी वहां जाकर पूरी सूचना अवश्य पढ़ लें ताकि आवेदन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूर्ण हो सके।
यह भर्ती उन विभागीय कर्मचारियों के लिए सुनहरा अवसर है जो अपने करियर में उन्नति और स्थाई नियुक्ति की चाह रखते हैं। अतः योग्य उम्मीदवार अपनी योग्यता और अनुभव के आधार पर समय रहते आवेदन करें।




