Madhya Pradesh

EPFO: जल्द ही PF खाते में आएगा ब्याज, घर बैठे इन 4 तरीकों से करें चेक

Bhopal, Madhya Pradesh

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) और पीएफ खाताधारकों के लिए खुशखबर है। केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि पर 8.25% ब्याज दर को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस घोषणा से देश के 7 करोड़ से अधिक खाताधारक अपने खातों में ब्याज राशि मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

सरकार की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद EPFO खाताधारकों के पीएफ खातों में ब्याज राशि जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर देगा। विशेषज्ञों का अनुमान है कि जून के अंत या जुलाई के पहले सप्ताह तक ब्याज की राशि खातों में ट्रांसफर हो सकती है। हालांकि अभी तक EPFO की ओर से कोई आधिकारिक सूचना, ईमेल या SMS जारी नहीं किया गया है और न ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कोई जानकारी साझा की गई है।

लगातार तीसरी बार ब्याज दर में बनी स्थिरता

केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की मार्च 2026 की बैठक में EPFO की ब्याज दर को 8.25% पर बनाए रखने की सिफारिश की गई थी जिसे सरकार ने मंजूरी दे दी है। यह लगातार तीसरा वर्ष है जब ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं आया है। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 में भी EPFO की ब्याज दर 8.25% थी। वहीं पिछले कुछ वर्षों में दरों में हल्की भिन्नता रही है, जैसे 2022-23 में 8.15% और 2020-21 में 8.5%।

अपने PF खाते में ब्याज कैसे जांचें?

ब्याज जमा होने के बाद खाताधारक अपनी राशि की जांच EPFO की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से, या मोबाइल ऐप और मिस्ड कॉल की सहायता से आसानी से कर सकते हैं। नीचे इसके चार आसान तरीके दिए गए हैं।

  • Umang ऐप से: अपने मोबाइल में UMANG ऐप डाउनलोड करें और लॉग-इन करें। EPFO विकल्प पर जाएं, फिर ‘Employee Centric Services’ में ‘View Passbook’ चुनकर UAN नंबर दर्ज करें। OTP दर्ज करने पर आपका PF पासबुक खुल जाएगा।
  • SMS से: अपने EPFO पंजीकृत मोबाइल नंबर से 7738299899 पर SMS करें। अंग्रेजी मे जानकारी के लिए ‘EPFO UAN ENG’, हिंदी मे ‘EPFOHO UAN HIN’ लिखकर भेजें। तत्काल बैलेंस का विवरण SMS के रूप में मिलेगा।
  • मिस्ड कॉल से: 7738299899 पर अपने UAN पंजीकृत नंबर से मिस्ड कॉल करें। आपको खाते की ताजा जानकारी SMS के जरिए प्राप्त हो जाएगी।
  • ऑनलाइन पोर्टल से: https://passbook.epfindia.gov.in पर जाकर यूजरनेम (UAN), पासवर्ड एवं कैप्चा भरकर लॉग-इन करें। यहाँ आपकी पासबुक में ब्याज सहित पीएफ बैलेंस नजर आएगा।

यह सारी सुविधाएँ खाताधारकों के लिए सहज और पारदर्शी तरीके से पीएफ से जुड़ी जानकारी को उपलब्ध कराती हैं, जिससे वे बिना बैंक या कार्यालय जाने अपने PF खाते का ब्याज और बैलेंस आसानी से जांच सकते हैं। EPFO की यह पहल कर्मचारियों को डिजिटल सुविधा प्रदान करने और वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस वर्ष भी ब्याज दर में स्थिरता ने खाताधारकों के लिए निवेश को लाभकारी बनाए रखने में मदद की है। उम्मीद है कि जल्द ही ब्याज राशि खाता धारकों के खातों में जमा हो जाएगी, जिससे उनकी बचत में वृद्धि होगी।

Source

Related Articles

Back to top button