कटरीना कैफ के OTT डेब्यू पर अपडेट, फिलहाल कर रही हैं वापसी से दूरी

मुंबई, महाराष्ट्र – बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री कटरीना कैफ को लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर देखा जा रहा है। 2024 में विजय सेतुपति के साथ फिल्म ‘मैरी क्रिसमस’ में नजर आने के बाद से वह किसी नई फिल्म या प्रोजेक्ट में सक्रिय नहीं हुई हैं। 2025 में बेटे के जन्म के बाद से कटरीना ने अपनी मदरहुड जर्नी को पूरी तरह से अपनाया है और इस दौरान उन्होंने अभिनय की दुनिया से दूरी बनाकर रखी है।
हालांकि, कटरीना कैफ ने अब तक कोई नई फिल्म नहीं की है, लेकिन वह अपने ब्यूटी ब्रांड “Key” के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रही हैं। सोशल मीडिया पर वह ब्रांड को प्रमोट करती रहती हैं, जिससे फैंस के बीच उनकी मौजूदगी बनी रहती है। इसी बीच यह खबर आई थी कि कटरीना जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर वापसी करेंगी, जिससे उनके प्रशंसक काफी उत्साहित हो गए थे।
ओटीटी पर लौटने की अफवाहों पर कटरीना की टीम ने तोड़ी चुप्पी
कटरीना कैफ की टीम ने इस पूरे मामले पर बयान देकर साफ कर दिया है कि यह खबर पूर्णतः गलत और भ्रामक है। बॉलीवुड बबल की रिपोर्ट के अनुसार, उनकी टीम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में एक्टिंग से जुड़ी कोई योजना या ओटीटी प्रोजेक्ट्स में भागीदारी की कोई पुष्टि नहीं हुई है। स्पोक्सपर्सन ने बताया कि इस तरह की अफवाहें बिना किसी ठोस आधार के फैलाई गई हैं और इनके पीछे कोई भी तथ्य नहीं है।
कई रिपोर्टों में की गई थी वापसी की भविष्यवाणी
मीडिया में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि कटरीना मदरहुड के बाद वापसी के लिए उत्सुक हैं और उन्होंने कई स्क्रिप्ट पढ़ना शुरू कर दिया है। यह भी कहा गया था कि वह 2027 के दूसरे छमाही तक एक्टिंग में लौट सकती हैं और वह ऐसी स्क्रिप्ट चुनना चाहती हैं जिससे वे अपनी नए परिवारिक जिम्मेदारियों को अच्छे से निभा सकें। हालांकि अब यह साफ हो चुका है कि फिलहाल ऐसी कोई योजना उनके पास नहीं है।
मदरहुड में व्यस्त हैं कटरीना
कटरीना कैफ ने अपने बेटे विहान के जन्म के बाद से निजी जीवन को प्राथमिकता दी है। विक्की कौशल के साथ उनकी प्राइवेट लाइफ काफी शांतिपूर्ण रही है और वे अक्सर मीडिया की नजरों से दूर ही रहती हैं। सोशल मीडिया पर वह कभी-कभी अपनी पेंटिंग्स और निजी जिंदगी के छोटे-छोटे हिस्से साझा करती हैं, जिससे उनकी फैंस एक नजर जरूर पा लेते हैं। फिलहाल उनकी पहली प्राथमिकता मां की जिम्मेदारी निभाना है और इस दौर में वे लाइमलाइट से दूर रहना पसंद कर रही हैं। विक्की कौशल भी उनकी इस पहल की हमेशा तारीफ करते हैं और उनका समर्थन कर रहे हैं।


