महाप्रभु जगन्नाथ आज मौसी के घर जाएंगे, रथ यात्रा का सम्पूर्ण शेड्यूल, उत्सव एवं रस्में

पुरी, ओडिशा – ओडिशा के पुरी में आज से विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा की शुरूआत हो रही है। इस भव्य और धार्मिक उत्सव में भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ 12वीं शताब्दी के जगन्नाथ मंदिर से गुंडिचा मंदिर तक 9 दिनों की वार्षिक यात्रा पर निकलेंगे। यह यात्रा हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं के लिए एक पवित्र अवसर होती है, जो इसे देखने और भाग लेने के लिए देश-विदेश से आते हैं।
भगवान जगन्नाथ के रथ नंदिघोष, भगवान बलभद्र के तालध्वज, और माता सुभद्रा के दर्पदलन रथ को लगभग 3 किलोमीटर दूर गुंडिचा मंदिर तक खींचा जाता है। आज की शुरुआत से लेकर अंतिम दिन तक इस यात्रा में कई धार्मिक रस्में और उत्सव होते हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
कब से कब तक चलेगी यात्रा
रथ यात्रा का शुभारंभ 16 जुलाई से हो रहा है, जब भगवान जगन्नाथ अपनी मौसी के घर यानी गुंडिचा मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे। इस दौरान देवता कुछ दिन गुंडिचा मंदिर में ठहरेंगे। 24 जुलाई को बाहुदा यात्रा निकलेगी, जिसमें भगवान जगन्नाथ और उनके साथियों की मुख्य मंदिर में वापसी होगी। 25 जुलाई को तीनों देवताओं का सोने के आभूषणों से मंत्रमुग्ध कर देने वाला श्रृंगार किया जाएगा।
रथ यात्रा के उत्सव और रस्में
- 16 जुलाई: रथ यात्रा प्रारंभ, भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा रथों पर सवार होकर गुंडिचा मंदिर की ओर चलेंगे।
- 20 जुलाई: हेरा पंचमी पर माता लक्ष्मी भगवान जगन्नाथ को खोजने गुंडिचा मंदिर आती हैं।
- 24 जुलाई: बहुदा यात्रा प्रारंभ, भगवान की मुख्य मंदिर में वापसी।
- 25 जुलाई: सुना बेष, सोने के भव्य आभूषणों से देवताओं की पूजा और श्रृंगार।
- 26 जुलाई: अधर पना, रथों पर विराजित देवताओं को पवित्र पेय अर्पित किया जाता है।
- 27 जुलाई: नीलाद्री बीजे, भगवान फिर से मुख्य मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
जगन्नाथ रथ यात्रा के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि “पवित्र रथ यात्रा के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। यह भारत की सदियों पुरानी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की अनूठी अभिव्यक्ति है। महाप्रभु जगन्नाथ के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य बना रहे।”
प्रधानमंत्री ने ट्वीट में भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद से देश वासियों के जीवन में नई ऊर्जा की कामना की और परंपरा की महत्ता को उजागर किया।



