बिहार: एएसआई ने युवक पर की फायरिंग, बाल-बाल बची जान, सर्विस पिस्टल जब्त

हाजीपुर, बिहार। बिहार के वैशाली जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहाँ शराब के नशे में धुत एक एएसआई द्वारा युवक पर फायरिंग की गई। यह घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के वफापुर बामपुर गांव की है। घटना के बाद आरोपी पुलिसकर्मी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने आरोपी की सर्विस पिस्टल जब्त कर कर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।
वैशाली सदर-2 के एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि यह घटना सोमवार की सुबह की है, जब वफापुर बामपुर गांव निवासी गंगा सिंह अपने घर में आराम कर रहे थे। उसी दौरान एक व्यक्ति ने उनके घर की ग्रिल खटखटाई और बताया कि उनकी कार गड्ढे में फंसी है और उन्हें मदद की जरूरत है।
एसडीपीओ के अनुसार, गंगा सिंह और उनके बेटे रजनीश, जो भारतीय सेना में जवान हैं, ने मिलकर उस व्यक्ति की कार को गड्ढे से बाहर निकाला। कार पर ‘पुलिस’ का स्टिकर लगा होने की वजह से दोनों को लगा कि वह व्यक्ति कोई पुलिसकर्मी है और इसलिए उन्होंने उसकी मदद की। लेकिन बाद में पता चला कि वह व्यक्ति शराब के नशे में था और यहां से जाने की बजाय उसने अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया।
लगभग एक घंटे तक विवाद चलता रहा, जिसके बीच आरोपी ने रजनीश की गर्दन पकड़ ली और अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली रजनीश की बाईं आंख के पास से होकर गुजरी, जिससे युवक बाल-बाल बच गया। गोली के छर्रे के कारण आंख के पास हल्की चोट आई है और उसका इलाज किया जा रहा है।
घटना के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और आरोपी को पकड़ कर उसकी पिस्टल छीन ली। सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। जांच में पता चला कि आरोपी की पहचान जहानाबाद निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो अररिया जिले के फारबिसगंज थाना में अनुसंधान इकाई के एएसआई पद पर तैनात है।
एसडीपीओ ने बताया कि घटनास्थल से गोली का खोखा और बुलेट बरामद किया गया है। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) और डीआईयू की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी का हथियार अवैध नहीं है, बल्कि यह उसकी अधिकृत सर्विस पिस्टल है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने स्थानीय लोगों में भारी चर्चा और सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा कर दी है। पुलिस प्रशासन भी इस मामले में कड़ी नजर रखे हुए है ताकि ऐसे घटना पुनः न दोहराई जाए।




