मीडिया से बोले नाना पटवारी: पूरा केस फर्जी, मेरा दोष सिर्फ इतना कि मैं जीतू पटवारी का भाई हूँ, कांग्रेस अध्यक्ष ने किया पलटवार

इंदौर, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी ने इंदौर पुलिस द्वारा उनके खिलाफ दायर किए गए मामले को पूरी तरह फर्जी बताया है। गुरुवार को दिनभर हिरासत में रहने और गिरफ्तारी की चर्चा के बीच शाम को पुलिस ने पूछताछ के बाद नाना पटवारी को छोड़ दिया। मीडिया के सामने अपने वकील के साथ पहुंचे नाना पटवारी ने स्पष्ट किया कि ड्रग्स मामले में जिन लोगों को पुलिस ने पकड़ा है, उनका उनसे कोई संबंध नहीं है। दूसरी ओर, कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे प्रदेश की भाजपा सरकार की बदले की कार्रवाई करार दिया है।
नाना पटवारी ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी ठोस कारण के उन्हें हिरासत में लेकर दिनभर घुमाती रही। उन्होंने बताया कि वे अपनी गाड़ी की सर्विस कराने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोका और अपने साथ ले गई। दिन भर नाना से ड्रग्स मामले के संबंध में कोई सवाल नहीं पूछा गया और न उन्हें बताया गया कि हिरासत में क्यों लिया गया है।
नाना बोले- मेरा दोष इतना कि मैं जीतू पटवारी का भाई हूँ
मीडिया के सवालों के जवाब में नाना पटवारी ने कहा कि पुलिस ने उनसे कोई सवाल नहीं किया। सुबह से शाम तक कोई बात नहीं हुई। पुलिस थाने में जाकर जब उन लड़कों का नाम पूछा तो उन्होंने कहा कि वे उनकी विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। नाना पटवारी ने कहा, “पुलिस ने मेरा मोबाइल जब्त कर लिया था। ये पूरा केस फर्जी है। मेरा एक ही दोष है कि मैं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का भाई हूँ।”
नाना के वकील ने दी 9 पुलिस केस की जानकारी
नाना पटवारी के वकील जय हार्डिया ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पुलिस जिन 9 केसों का जिक्र कर रही है, उनमें से 5 केस 2017 में राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में हुए किसान आंदोलन से जुड़े हैं। इन मामलों में नाना को जमानत मिल चुकी है। इसके अतिरिक्त 2 अन्य प्रकरणों में भी नाना बरी हो चुके हैं, जिनमें से एक तेजा जी नगर का मामला है, जिसमें आज तक पुलिस चालान प्रस्तुत नहीं कर सकी है। जय हार्डिया ने कहा कि ये सभी केस अभी भी अंडरट्रायल हैं, और नाना को इसलिए टारगेट किया जा रहा है क्योंकि वे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के भाई हैं।
जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना
इस विवादित मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जिस मामले में उनके भाई को हिरासत में लिया वह मामला उनकी जान पहचान से भी बाहर है। ये कार्रवाई बदले की भावना से की गई है। उन्होंने कहा, “सरकार मेरे परिवार को परेशान करना चाहती है, लेकिन हम न तो परेशान होंगे न झुकेंगे। जरूरत पड़ी तो जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।” जीतू पटवारी ने यह भी कहा कि सवाल पूछना हमारा अधिकार है और मुख्यमंत्री को इन आरोपों का जवाब सार्वजनिक तौर पर देना चाहिए।




