“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर पुलिस की जनजागरूकता कार्यवाही
कोरबा, जिले में अपराधों की रोकथाम एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत दिनांक 29.03.2026 को साइबर पुलिस थाना कोरबा की टीम द्वारा ग्राम ढपढप, थाना बांकी मोंगरा क्षेत्र में आयोजित श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम) के श्रीमुख से हो रही हनुमंत कथा के दौरान साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उक्त कार्यक्रम में लगभग 70,000 से अधिक श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्हें साइबर जागरूकता अभियान के तहत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक अजय सोनवानी द्वारा कथा प्रारंभ होने से पूर्व उपस्थित जनसमूह को साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा न करने, सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव आदि विषयों पर जागरूक किया।
साथ ही कथा स्थल पर आए लोगों को संदिग्ध एवं आपत्तिजनक व्यक्तियों की पहचान करने तथा चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया गया। आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
कोरबा पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।


