Uttar Pradesh

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर करारा हमला, बोले- योगी सरकार को गुंडों को नियंत्रित करना अच्छी तरह आता है

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार किया है। बलिया जिले में अपने विरोध प्रदर्शन के दौरान राजभर ने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन इसलिए किया क्योंकि वे “सच लिख रहे हैं”।

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें अपने गुंडों को नियंत्रित करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश की गई तो योगी सरकार उसमें कड़ी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी। सुभासपा प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “मित्र अखिलेशजी, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत। बलिया में सैकड़ों की संख्या में आपके गुंडे मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए। क्यों? क्योंकि मैं सच लिख रहा हूं और सच आपको पच नहीं रहा। यही तो आपकी पुरानी मानसिकता रही है। हमेशा से आप लोग गैर-यादव ओबीसी समाज के प्रति हेय दृष्टि रखते आए हैं।”

उन्होंने कहा कि हम मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से डरने वाले नहीं हैं। “हम तो उस समाज से हैं जिसके मुर्दाबाद के नारे आपके स्वजातीय हमेशा लगाते आए हैं। रही बात काले कपड़ों की तो हमें काला रंग बहुत पसंद है, दिखाइए जितना दिखा सकते हैं।” राजभर ने आगे कहा कि अगर आप और आपके गुंडों में दम है तो लोकतंत्र के दायरे में आएं और चुनाव में दम दिखाएं। काला, लाल या हरा जो दिखाना हो दिखा लीजिए, लेकिन भगवा फिर भी लहराता रहेगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता सड़क पर उतरी तो कहीं के नहीं रहेंगे।

मंत्री राजभर ने स्पष्ट किया कि वे सपा गुंडों से डरते नहीं हैं। वे जमीन से जुड़े हुए हैं और ऐसे तत्वों का मुकाबला करने में माहिर हैं। उन्होंने कहा, “संघर्ष से उपजा हूं और समाज की लड़ाई लड़ता आया हूं। अपने गुंडों को संभाल लीजिए महाराज, नहीं तो यह योगी सरकार है, जो गुंडों का इलाज बेहतर ढंग से करना जानती है। असली ओबीसी समाज जाग चुका है और नक्काल परेशान हैं। जय भारत, जय श्री राम, जय श्री कृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव।”

यह घटना बलिया जिले के राजनीतिक माहौल को गरमाती दिख रही है। ओम प्रकाश राजभर के शनिवार को बलिया दौरे के पहले सपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ काले झंडे लहराए और “ओपी राजभर गो बैक” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने उनका पुतला फूंंकने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने समय रहते रोका। तनाव बरकरार रहने के बावजूद पुलिस की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में रही।

Source

Related Articles

Back to top button